October 18, 2024

JK KHABAR NOW

JOURNALISM IS PASSION

दिल्ली में एक नया कूड़े का पहाड़ बनाने की तैयारी में भाजपा शासित एमसीडी

नई दिल्ली: 10 अप्रैल 2022

भाजपा शासित एमसीडी दिल्ली में नया कूड़े का पहाड़ बनाने जा रही है। आम आदमी पार्टी ने भाजपा से इस प्रस्ताव को वापस लेने की मांग की है। ‘आप’ एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि भाजपा ने केंद्र सरकार से नई लैंडफिल साइट के लिए गाज़ीपुर पेपरमिल की ज़मीन की मांग की है। दिल्ली को कूड़े के 3 बड़े-बड़े पहाड़ देने के बाद भाजपा अब एक नया कूड़े का पहाड़ देना चाहती है। यदि भाजपा इस प्रस्ताव को वापस नहीं लेती है तो विरोध प्रदर्शन के लिए हम सड़कों पर भी उतरने के लिए तैयार हैं। प्रेसवार्ता में एमसीडी सह-प्रभारी दीपक सिंगला भी मौजूद थे।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। दुर्गेश पाठक ने कहा कि दिल्ली में लोग हमेशा ही पूछते हैं कि आप एमसीडी पर इतने आरोप लगाते हैं लेकिन कभी यह भी बताइए कि भाजपा ने एमसीडी में कोई अच्छा काम भी किया है या उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है? उनकी तीन सबसे बड़ी उपलब्धियां हैं। भाजपा ने 15 सालों में दिल्ली को तीन बड़े-बड़े पहाड़ दिए हैं जो कि उनके भ्रष्टाचार का जीता-जागता सबूत है। एक भलस्वा लैंडफिल साइट है, दूसरा ओखला है और तीसरा गाज़ीपुर लैंडफिल साइट है। इन तीनों पर बीजेपी ने लगातार कई वादे किए हैं।

2017 में मनोज तिवारी ने एमसीडी चुनाव के दौरान कहा था कि यदि भाजपा की सरकार बनती है तो 6 महीनों के अंतर्गत तीनों लैंडफिल साइट खत्म कर देंगे। यह भाजपा के मेनिफेस्टो में भी लिखा गया था। दुर्भाग्य यह है कि तीनों लैंडफिल साइटों को खत्म करने के बजाय केंद्र सरकार से एक और ज़मीन की मांग की है, जहां पर वह नई लैंडफिल साइट बनाना चाहते हैं। भाजपा ने केंद्र से गाज़ीपुर पेपरमिल की ज़मीन की मांग की है। आपने देखा होगा कि गाज़ीपुर में कल से आग लगी हुई है। लोग धुएं से परेशान हैं। ऐसी स्थिति में भाजपा एक और लैंडफिल साइट बनाने जा रही है जो कि पूरी तरह समझ से परे है और दिल्लीवालों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। मुझे लगता है भाजपा से अधिक बेशर्म और असंवेदनशील अन्य कोई पार्टी नहीं है। हम इसका पुर्जोर तरीके से विरोध करेंगे। हमारी मांग है कि भाजपा इस प्रस्ताव को वापस ले और यदि ऐसा नहीं होता है तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।

प्रेसवार्ता में मौजूद एमसीडी सह-प्रभारी दीपक सिंगला ने कहा कि मैं पिछले 30 सालों से ईस्ट दिल्ली में रह रहा हूं। क्षेत्र का लगातार विकास हो रहा था लेकिन जैसे ही सत्ता में भाजपा की सरकार आई, विकास थम गया। पिछले 15 सालों में भाजपा ने ईस्ट दिल्ली में कोई अच्छा काम तो नहीं किया लेकिन उसे और बर्बाद करने में लगे हुए हैं। वहां पहले से लैंडफिल साइट होने के बावजूद भाजपा एक और लैंडफिल साइट बनाना चाहती है। एनएच 24 के रास्ते में कूड़े का एक बहुत बड़ा पहाड़ दिखता है और वह पहाड़ भाजपा की एमसीडी का है। आसपास रहने वाले लोगों को बहुत सारी समस्याएं होती हैं लेकिन भाजपा भ्रष्टाचार में इस प्रकार लिप्त है कि उसे लोगों की पड़ी ही नहीं है। हम भाजपा की इस नई लैंडफिल साइट का पुर्जोर विरोध करते हैं।