Delhi

कांग्रेस को मिला मौका, हमारा क्या?: संसद में अखिलेश ने जताई नाराजगी, कहा- सरकार के साथ कोई डील तो नहीं हो गई

22 जुलाई 2026
JK
7

लोकसभा में नीट पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बोलने का मौका न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और सदन में प्रधानमंत्री के बयान की मांग उठाई।

कांग्रेस को मिला मौका, हमारा क्या?: संसद में अखिलेश ने जताई नाराजगी, कहा- सरकार के साथ कोई डील तो नहीं हो गई

कांग्रेस को मिला मौका, हमारा क्या?: संसद में अखिलेश ने जताई नाराजगी, कहा- सरकार के साथ कोई डील तो नहीं हो गई

लोकसभा में बुधवार को नीट पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर भारी हंगामा हुआ। संसद की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और मामले पर तुरंत चर्चा कराने की मांग रखी। इस दौरान लोकसभा स्पीकर ने कांग्रेस और भाजपा के सदस्यों को अपनी बात रखने का अवसर दिया। इससे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव नाराज हो गए। उन्होंने स्पीकर पर खुद को बोलने का मौका न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आपने इनको और उनको बोलने का मौका दे दिया, पर हमारा क्या। आपने समझौता कर लिया क्या?

छात्रों के मुद्दे पर अखिलेश के तीखे सवाल

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह विषय किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के छात्रों और नौजवानों के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर छात्रों की आवाज नहीं सुनी गई तो हम सड़कों पर उतरेंगे। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर उन्होंने कहा- इस्तीफा तो क्या है, इस्तीफा तो जब चाहेंगे, तब मंत्री से ले लेंगे। अगर मंत्री सदन में इस्तीफा नहीं देंगे तो सदन के बाहर इस्तीफा ले लेंगे। इसके साथ ही उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों और नेताओं के हाथ तोड़े गए, सिर फोड़े गए और कपड़े फाड़े गए।




प्रधानमंत्री के बयान और पीएम आवास दौरे पर बात

अखिलेश यादव ने बताया कि वह और राहुल गांधी मजबूरी में प्रधानमंत्री आवास गए थे। अगर संसद के भीतर उनकी बात सुन ली जाती, तो उन्हें वहां जाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री संसद के बाहर तो बोल सकते हैं, लेकिन देश के युवाओं के लिए सदन के भीतर आकर क्यों नहीं बोल रहे।

क्या है सरकार का रुख?

अखिलेश से पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने सदन में बोलते हुए कहा, संसद में कोई भी चर्चा तय नियमों और व्यवस्था के तहत ही होती है। रिजिजू ने स्पीकर से अनुरोध किया कि सभी दलों के फ्लोर नेताओं के साथ बातचीत करके चर्चा का नियम, समय और दिन तय किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार नीट और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर सार्थक चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।


चर्चा को तैयार है सरकार

इसके बाद स्पीकर ने सदन में मौजूद सदस्यों से पूछा कि क्या सभी लोगों की बातें मुझ तक पहुंच गई हैं। आप भी चर्चा चाहते हैं और ये भी चर्चा जाते हैं। सरकार चर्चा करने को तैयार है। इसके बाद स्पीकर ने विपक्ष से पूछा कि इस मुद्दे पर कब चर्चा करनी है और कितनी देर चर्चा करनी है।

प्रकाशित: 22 जुलाई 2026
7 व्यूज